काशी हिंदू विश्वविद्यालय के भौतिक विज्ञान विभाग में ‘पदार्थ की चौथी अवस्था: प्लाज्मा’ विषय पर आयोजित पांच दिवसीय राष्ट्रीय प्रदर्शनी के तीसरे दिन शहर के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के करीब 700 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने प्लाज्मा से जुड़े विभिन्न मॉडलों के माध्यम से इसकी वैज्ञानिक विशेषताओं और उपयोगिता को समझा।
प्रदर्शनी में सनबीम कॉलेज फॉर विमेन (वरुणा), सेंट्रल हिंदू स्कूल और सेंट्रल हिंदू गर्ल्स स्कूल (कमच्छा), केंद्रीय विद्यालय बीएचयू, सनबीम भगवानपुर सहित विभिन्न संस्थानों के विद्यार्थी शामिल हुए। इंस्टीट्यूट फॉर प्लाज्मा रिसर्च (आईपीआर) के वैज्ञानिकों ने रोचक मॉडलों के जरिए विद्यार्थियों को प्लाज्मा की दुनिया से परिचित कराया। दैनिक जीवन, स्वास्थ्य, अंतरिक्ष, पर्यावरण और ऊर्जा के क्षेत्र में प्लाज्मा की उपयोगिता जानकर विद्यार्थी उत्साहित नजर आए।
प्रदर्शनी के समन्वयक प्रो. रजनीश कुमार ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में प्लाज्मा विज्ञान के प्रति समझ और रुचि बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि प्लाज्मा विज्ञान भविष्य में ऊर्जा संकट के समाधान और पर्यावरण शुद्धिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
प्रदर्शनी के समापन समारोह में बीएचयू के छात्र अधिष्ठाता प्रो. रंजन कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर प्रो. राजेंद्र कुमार सिंह, प्रो. अभय सिंह, प्रो. अमित पाठक, कुमार अंकित, अभिज्ञान बरुआ, आयुष उपाध्याय सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षक, विद्यार्थी और शोधार्थी मौजूद रहे।


