गंजारी स्टेडियम के चारों तरफ बनेगा फोरलेन, रिंग रोड से जुड़ेगा नया ट्रैफिक सर्किट

गंजारी में बन रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के आसपास आने वाले समय में यातायात की तस्वीर बदलने वाली है। स्टेडियम तक पहुंच और मैचों के दौरान वाहनों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए चारों ओर फोरलेन सड़क तैयार की जाएगी। यह सड़क रिंग रोड फेज-2 से जुड़कर स्टेडियम को घेरेगी और फिर वापस रिंग रोड से मिलेगी। परियोजना के लिए गंजारी और हरपुर में करीब 6.6 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित की जाएगी।

करीब 30 मीटर चौड़ी प्रस्तावित सड़क में दोनों ओर 9-9 मीटर का कैरिज-वे रहेगा। सड़क निर्माण पर लगभग 19.94 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है और काम पूरा करने के लिए 15 महीने की समयसीमा तय की गई है। जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया से पहले प्रशासन ने सामाजिक समाघात निर्धारण शुरू कर दिया है। इस संबंध में 28 सितंबर को प्रारंभिक अधिसूचना भी जारी की जा चुकी है।

स्टेडियम में मैचों के दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों के साथ निजी और सार्वजनिक वाहनों की आवाजाही होगी। ऐसे में नया फोरलेन मार्ग ट्रैफिक को अलग-अलग दिशाओं में बांटने में मदद करेगा। रिंग रोड से सीधे स्टेडियम तक पहुंच और कार्यक्रम खत्म होने के बाद वापस निकलने के लिए नया विकल्प मिलेगा। सड़क के साथ आसपास के क्षेत्र में अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास की भी योजना है।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post