शारदीय नवरात्र पर काशी में दुर्गा पूजा की भव्यता देखते ही बन रही है। नई सड़क स्थित सनातन धर्म इंटर कॉलेज में इस वर्ष भव्य श्री बद्रीनाथ धाम की तर्ज पर पंडाल का निर्माण कराया गया है। आकर्षक सजावट और धार्मिक वातावरण से सजे पंडाल में स्थापित मां दुर्गा की विशाल प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। आयोजकों के अनुसार, यहां पूर्वांचल की सबसे बड़ी मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई है, जिसके दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्त पहुंच रहे हैं।
पंडाल में आधुनिक तकनीक से तैयार इलेक्ट्रॉनिक शो के माध्यम से मां के भव्य स्वरूप का दर्शन कराया जा रहा है। धार्मिक आस्था और आधुनिक तकनीक का यह संगम श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है। शाम होते ही पंडाल में भक्तों की भीड़ बढ़ने लगती है और मां के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठता है।
समिति के कार्यवाहक अध्यक्ष सूरज जायसवाल ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं। जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के सहयोग से सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। प्रशासन की टीम भी लगातार व्यवस्थाओं पर नजर रख रही है, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
भव्य श्री बद्रीनाथ धाम की झलक, मां दुर्गा की विशाल प्रतिमा और आकर्षक इलेक्ट्रॉनिक शो ने इस पंडाल को नवरात्र के प्रमुख आकर्षणों में शामिल कर दिया है। आस्था, भव्यता और तकनीक के अनूठे संगम को देखने के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना जारी है।


