वाराणसी के शिवपुर स्थित नारायण पार्क के पास प्राचीन काली माता मंदिर में शारदीय नवरात्र के अवसर पर धार्मिक आयोजनों की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मंदिर में मां काली के वार्षिक शृंगार, देवी जागरण और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। मां काली पूजा समिति की ओर से होने वाले ये कार्यक्रम पिछले 50 वर्षों से आयोजित किए जा रहे हैं। इस परंपरा की शुरुआत स्वर्गीय मुन्ना लाल यादव ने की थी।
समिति के अध्यक्ष संजय यादव ने बताया कि नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां काली के दर्शन और पूजन के लिए मंदिर पहुंचते हैं। समिति के महामंत्री पृथ्वीराज शर्मा के अनुसार, 19 अक्टूबर को कराहा पूजन होगा। इसके बाद 25 अक्टूबर को मां काली का भव्य शृंगार और देवी जागरण आयोजित किया जाएगा। वहीं, 28 अक्टूबर को विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समिति के पदाधिकारी और स्थानीय लोग तैयारियों में जुटे हैं। आयोजन में अधिवक्ता संदीप यादव की प्रमुख भागीदारी रहती है। इसके अलावा अनिल मिश्रा, घनश्याम सिंह यादव, धर्मेंद्र राय पिंकू और संतोष अग्रवाल सहित अन्य लोग भी व्यवस्था संभालने में सहयोग कर रहे हैं। समिति की ओर से धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखने की तैयारी की जा रही है।


