वाराणसी में काशी प्रीमियर लीग (KPL) के पहले संस्करण के लिए रविवार को पूर्वोत्तर रेलवे ग्राउंड पर खिलाड़ियों का ट्रायल आयोजित किया गया। टेनिस बॉल से होने वाली इस टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में शहर के करीब 300 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। आयोजकों के मुताबिक, ट्रायल के जरिए बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को चुना जाएगा और जल्द ही चयनित खिलाड़ियों की सूची जारी की जाएगी।
लीग में कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी और हर टीम में 16 खिलाड़ी होंगे। खिलाड़ियों का चयन आईपीएल की तर्ज पर होने वाली नीलामी के जरिए किया जाएगा। इसके लिए खिलाड़ियों का बेस प्राइस 20 हजार रुपये रखा गया है, जबकि किसी खिलाड़ी पर अधिकतम छह लाख रुपये तक की बोली लग सकती है। लीग के चेयरमैन शैबान खान ने बताया कि प्रतियोगिता को पेशेवर स्तर पर आयोजित करने की तैयारी है। टीमों के नाम बनारस महाकाल, पटना, लखनऊ और मुंबई जैसे शहरों और आस्था के केंद्रों पर रखे गए हैं।
काशी प्रीमियर लीग को पहचान दिलाने के लिए श्रीलंका के पूर्व ऑलराउंडर थिसारा परेरा को ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को रहने, खाने और यात्रा जैसी सुविधाएं फ्रेंचाइजी और लीग प्रबंधन की ओर से दी जाएंगी। मुकाबलों का सीधा प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स और फैनकोड पर किया जाएगा। आयोजकों का लक्ष्य स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर मंच देना और उन्हें बड़े स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर उपलब्ध कराना है।


