बैंक में रिवॉल्वर संभालते समय हुआ हादसा, गोली लगने से महिला कर्मचारी घायल

वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र स्थित क्राइस्ट नगर में शुक्रवार दोपहर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में रिवॉल्वर से अचानक गोली चलने से महिला बैंककर्मी घायल हो गई। घटना दोपहर करीब 2:40 बजे की बताई जा रही है। घायल महिला की पहचान गाजीपुर निवासी अनुराधा त्रिपाठी के रूप में हुई है, जो बैंक में संविदा पर सेवा सारथी के पद पर कार्यरत हैं।

जानकारी के मुताबिक, जौनपुर के सुजानगंज निवासी लाइसेंसी रिवॉल्वर धारक संजीव शुक्ला बैंक में पासबुक अपडेट कराने पहुंचे थे। उन्होंने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर सुरक्षा गार्ड रामचंद्र यादव को रखने के लिए दी थी। इसी दौरान बैंक के काउंटर की दराज खोलते समय रिवॉल्वर नीचे गिर गई और गोली चल गई। गोली अनुराधा त्रिपाठी के दाहिने पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ीं। घटना के बाद बैंक परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

बैंक मैनेजर मनोज कुमार ने पुलिस को घटना की सूचना दी, जिसके बाद घायल महिला को तत्काल दीनदयाल अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस रिवॉल्वर गिरने और गोली चलने की परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है। फिलहाल महिला की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post