विश्व एनेस्थीसिया दिवस पर वाराणसी के रमना स्थित हरसेवा नंद स्कूल में 600 से अधिक NCC कैडेट्स को CPR और AED का प्रशिक्षण दिया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.पी. सिंह के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. शिवशक्ति प्रसाद द्विवेदी ने कैडेट्स को आपात स्थिति में लोगों की जान बचाने के तरीके बताए। इसमें उत्तर प्रदेश के सात जिलों के अलावा आंध्र प्रदेश और तेलंगाना से आए कैडेट्स ने भी हिस्सा लिया।
प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स को हृदयगति रुकने पर तुरंत CPR देने, मेडिकल सहायता बुलाने और AED मशीन के इस्तेमाल की जानकारी दी गई। डॉ. द्विवेदी ने बताया कि ऐसी स्थिति में शुरुआती कुछ मिनट बेहद अहम होते हैं। समय रहते CPR शुरू करने और AED का इस्तेमाल करने से मरीज की जान बचने की संभावना बढ़ सकती है। उन्होंने जीवनरक्षक तकनीकों को आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में NCC के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल शुकवीर पूनिया, मेजर (प्रोफेसर) लाल बिहारी प्रसाद और कैप्टन रामजी प्रसाद मौजूद रहे। डॉ. शिवशक्ति प्रसाद द्विवेदी ने कहा कि हर व्यक्ति को CPR का बुनियादी प्रशिक्षण मिलना चाहिए, ताकि आपात स्थिति में वह किसी की मदद कर सके। उन्होंने “Nobody Should Die Without CPR” का संदेश देते हुए जीवन बचाने के लिए इस प्रशिक्षण को जरूरी बताया।


