सोनभद्र। स्वामी हरसेवानन्द पब्लिक स्कूल, चुर्क में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक अंतर्सदनीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में चारों सदनों विवेकानन्द, टैगोर, दयानन्द और रमन के करीब 330 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रणेता स्वामी हरसेवानन्द जी महाराज के तैलचित्र पर विद्यालय के सचिव एवं प्रबंधक बाबा प्रकाशध्यानानन्द तथा अन्य गणमान्य लोगों द्वारा माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। प्रतियोगिता में चेस, कैरम, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, रस्साकशी, बैडमिंटन, कबड्डी, बास्केटबॉल, खो-खो, क्रिकेट सहित विभिन्न दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्री-नर्सरी से यूकेजी, कक्षा एक से पांच और कक्षा छह से बारह तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न वर्गों में भाग लिया।
प्रतियोगिता में रमन हाउस ने प्रथम, दयानन्द हाउस ने द्वितीय और विवेकानन्द हाउस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि टैगोर हाउस को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। पुरस्कार वितरण समारोह में बाबा प्रकाशध्यानानन्द ने विजेता छात्र-छात्राओं को शील्ड, ट्रॉफी, मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ व्यक्तित्व एवं चरित्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेल के प्रति निष्ठा, ईमानदारी, परिश्रम और आत्मविश्वास ही खिलाड़ी को प्रतिभाशाली बनाते हैं।विद्यालय के प्रधानाचार्य ए.के. वर्मा ने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि एक खिलाड़ी के शब्दकोश में आलस्य नाम का शब्द नहीं होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम करने और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में गोरखनाथ, अर्जुन मौर्या, प्रांजली सिंह, चंचला मिश्रा, आलोक तिवारी, शिव प्रसाद, निर्मला यादव, आंचल पटेल, शुभम प्रजापति, सुप्रिया मौर्या, संतोष विश्वकर्मा, रजनी सिन्हा, शशि राना, सुधा देवी, सुषमा पाण्डेय, पूजा, सीमा और दीपा सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। मंच संचालन फरहीन सिद्दीकी ने किया।


