पितरकुंडा पर किशोर कुमार की 39वीं पुण्यतिथि पर दी गई श्रद्धांजलि, रोपवे स्टेशन उनके नाम करने की मांग

वाराणसी। महान पार्श्व गायक स्वर्गीय किशोर कुमार की 39वीं पुण्यतिथि पर मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 को पितरकुंडा स्थित कुंड पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। डर्बी शायर क्लब के अध्यक्ष शकील अहमद जादूगर के नेतृत्व में सुबह 11 बजे मछलियों को चारा खिलाया गया और किशोर कुमार के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।

इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष शकील अहमद ने कहा कि किशोर कुमार भारतीय सिनेमा के ऐसे महान गायक थे, जिनकी आवाज और गीत आज भी लोगों के दिलों में बसे हुए हैं। 13 अक्टूबर 1987 को हृदय गति रुकने के कारण उनका निधन हो गया था। उन्होंने अपने संगीत करियर में हजारों गीत गाए और हिंदी के साथ कई अन्य भाषाओं में भी अपनी आवाज का जादू बिखेरा।

शकील अहमद ने कहा कि किशोर कुमार ने अपने गीतों से कई फिल्म अभिनेताओं को लोकप्रियता दिलाने में अहम भूमिका निभाई। विशेष रूप से राजेश खन्ना के सुपरस्टार बनने में उनके गीतों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने राजेश खन्ना, जितेंद्र, अमिताभ बच्चन, देव आनंद, धर्मेंद्र, शम्मी कपूर और ऋषि कपूर समेत कई दिग्गज अभिनेताओं के लिए गीत गाए। किशोर कुमार ने गायकी के साथ-साथ अभिनय और हास्य भूमिकाओं में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उनके लोकप्रिय गीतों में जिंदगी एक सफर है सुहाना, खइके पान बनारस वाला, तेरे नैना सावन भादो, एक चतुर नार, दिल ऐसा किसी ने मेरा तोड़ा और सागर किनारे जैसे गीत आज भी श्रोताओं के बीच लोकप्रिय हैं। उन्हें अपने शानदार संगीत योगदान के लिए कई फिल्मफेयर पुरस्कारों सहित विभिन्न सम्मानों से नवाजा गया।

शकील अहमद ने कहा कि किशोर कुमार की संगीत विरासत आज भी जीवंत है और उनके बेटे अमित कुमार भी संगीत की इस विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की कि वाराणसी में प्रस्तावित रोपवे के किसी एक स्टेशन का नाम महान गायक किशोर कुमार के नाम पर रखा जाए, ताकि उनकी स्मृति को सम्मान दिया जा सके।


कार्यक्रम के अंत में क्लब के सदस्यों ने किशोर कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया। इस अवसर पर हैदर मुलाई, गुफरान अहमद, अशरफ, चिंतित बनारसी, विक्की यादव, प्रांजल यादव, बाली शर्मा, नारायण शर्मा, जावेद हुसैन, कुमार साहनी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post