स्वामी हरसेवानन्द पब्लिक स्कूल में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह सम्पन्न

वाराणसी। गड़वाघाट, रमना स्थित स्वामी हरसेवानन्द पब्लिक स्कूल में सत्र 2026-27 की अंतर-सदनीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर रमन सदन ने प्रथम, दयानन्द सदन ने द्वितीय तथा टैगोर सदन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस दौरान विजेता सदनों और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ स्वामी जी के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन और सामूहिक गीत के साथ हुआ। खेल प्रतियोगिताओं में रमन सदन के अखिलेश यादव एवं आर्यन झा, विवेकानन्द सदन के आर्यन, दयानन्द सदन की आयुषी तथा ग्रीन हाउस के सत्यम कपूर ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल और प्रतिभा से सभी का ध्यान आकर्षित किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य चन्द्र शेखर सिंह ने कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण आधार है। खेल से अनुशासन, धैर्य, सहयोग और नेतृत्व की भावना विकसित होती है। जीत जहां आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है, वहीं हार अपनी कमियों को पहचानकर उनमें सुधार करने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने विद्यार्थियों को खेल भावना के साथ निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के प्रबंधक सचिव बाबा प्रकाश ध्यानानन्द जी ने कहा कि खेल केवल पदक और पुरस्कार जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये विद्यार्थियों को संघर्ष, आत्मविश्वास और टीम भावना का महत्व भी सिखाते हैं। शिक्षा के साथ खेलकूद में भाग लेना भी आवश्यक है। अनुशासन, मेहनत, ईमानदारी और सामूहिक प्रयास ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

कार्यक्रम का संचालन निधि तिवारी ने किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में खेल प्रशिक्षक दिनेश कुमार के साथ शिक्षक सुनील कुमार तिवारी, अतीन्द्र कुमार सिंह, सुभाष यादव, सुभाष सिंह, वन्दना तिवारी, सिद्धार्थ पराशर, पूजा सिंह और नाज़मा अंसारी सहित समस्त शिक्षकगण का सराहनीय योगदान रहा। समारोह में विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में खेल भावना, आपसी सहयोग, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और अपने सदन के प्रति गौरव की भावना को और मजबूत किया।

Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post