राजस्थान से वाराणसी आ रही एक टूरिस्ट मिनी बस शुक्रवार सुबह मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बस में सवार नौ यात्री घायल हो गए। बस में कुल 12 लोग सवार थे और सभी काशी आ रहे थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना सुबह करीब 10 बजे कछवां चौकी क्षेत्र के बिहड़ा गांव में पाल ढाबे के पास फ्लिपकार्ट कंपनी के सामने हुई। बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया। इसके बाद क्षतिग्रस्त बस को सड़क किनारे हटवाया गया, ताकि यातायात प्रभावित न हो।
पुलिस के अनुसार, हादसे में भूपेंद्र कुमार, सुनीता, सार्थक और शांति बाई समेत नौ यात्री घायल हुए हैं। इनमें पांच अन्य यात्री भी शामिल हैं, जिन्हें चोटें आई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


