वाराणसी मंडल में स्वच्छता पखवाड़े के तहत रेलवे स्टेशनों और पटरियों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया गया। 19 अक्टूबर को आयोजित इस अभियान में स्टेशनों की साफ-सफाई के साथ सैनिटाइजेशन और मैकेनाइज्ड क्लीनिंग पर जोर दिया गया। रेलवे बोर्ड के निर्देश पर मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के मार्गदर्शन में अभियान संपन्न हुआ।
वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (EnHM) अनुभव पाठक के नेतृत्व में मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर सफाई कार्य कराया गया। इस दौरान पानी में बचे क्लोरीन की जांच की गई। साथ ही रेलवे यार्ड और रेल पटरियों के आसपास जमा गंदगी को हटाकर परिसर को स्वच्छ बनाने की पहल की गई।
अभियान के दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों और आम लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। लोगों से स्टेशन परिसर में गंदगी नहीं फैलाने और साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की गई। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य स्वच्छता पखवाड़े के जरिए रेल परिसरों में स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करना और यात्रियों को सफाई के प्रति जिम्मेदार बनाना है।


