वाराणसी के नमो घाट पर होने वाले एयर शो में काशी की संस्कृति और पहचान आसमान में नजर आएगी। हवाई फॉर्मेशन को काशी, हनुमान, सारनाथ और वरुणा नाम दिया गया है। भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण और सारंग टीम अपने रोमांचक करतबों से दर्शकों को आकर्षित करेंगी। एयर शो की थीम ‘विंग्स ओवर गंगेज’ रखी गई है, जो काशी और गंगा से जुड़ाव को दर्शाती है।
एयर शो में सारंग टीम की तीन महिला पायलट स्क्वाड्रन लीडर अंकिता सिंह, स्क्वाड्रन लीडर निदर्शना और फ्लाइट लेफ्टिनेंट अकाशिया शामिल होंगी। अंकिता सिंह बहरीन, सिंगापुर और मिस्र में भी हवाई प्रदर्शन कर चुकी हैं। सारंग टीम पांच हेलिकॉप्टरों के साथ प्रदर्शन करने वाली दुनिया की अनोखी एयरोबेटिक टीम है। वर्ष 2005 में स्थापित इस टीम की भूमिका हवाई करतब दिखाने के साथ आपदा राहत और मानवीय सहायता में भी रहती है।
वहीं, सूर्यकिरण टीम के नौ पायलटों में पांच उत्तर प्रदेश से हैं। टीम के नौ हॉक एमके-132 विमान आसमान में तिरंगे के रंगों का धुआं छोड़ते हुए शानदार करतब दिखाएंगे। भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर 22, 24 और 25 अक्टूबर को नमो घाट पर एयर शो आयोजित किया जाएगा। गंगा के ऊपर होने वाले इस प्रदर्शन में दर्शकों को रोमांचक हवाई फॉर्मेशन देखने का मौका मिलेगा।


