सुसुवाही स्थित वार्ड नंबर 39 के प्राचीन माता चंडिका मंदिर में शारदीय नवरात्र के अवसर पर नौ दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। मंदिर परिसर में दर्शन-पूजन के साथ विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से भक्तिमय माहौल बना हुआ है। महोत्सव में बच्चों और युवाओं की प्रतिभा निखारने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
नवरात्र के प्रथम दिन बच्चों ने नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजकों का उद्देश्य बच्चों को मंच प्रदान करने के साथ उनका आत्मविश्वास बढ़ाना और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना है।
नवनीता कुंवर पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. दिवाकर राय ने बताया कि नवरात्र शुरू होने से पहले ही पंडाल और कार्यक्रमों की तैयारियां शुरू कर दी जाती हैं। प्रथम दिन बच्चों के नृत्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, ताकि उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके। ऐसे आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास और सामाजिक सहभागिता की भावना विकसित होती है।
कार्यक्रम के पदाधिकारी मनीष दीक्षित ने बताया कि नवरात्र महोत्सव को सफल बनाने के लिए समिति के सदस्य पहले से ही समर्पित भाव से जुट जाते हैं। नौ दिनों तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने और सर्वांगीण विकास का अवसर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन पूजा-पाठ के साथ समाज में एकता, सहयोग, संस्कार और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने का भी माध्यम हैं।
माता चंडिका मंदिर में आयोजित यह महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा दे रहा है।


