विजयादशमी के पावन अवसर पर मंगलवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम स्थित मंदिर चौक के सांस्कृतिक मंच पर पारंपरिक विधि-विधान के साथ शस्त्र पूजन समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से मुख्य कार्यपालक अधिकारी सत्यम मिश्र ने यजमान के रूप में शास्त्रोक्त विधि से शस्त्र पूजन संपन्न किया।
पूजन समारोह में शस्त्रों की विधिवत पूजा-अर्चना की गई और राष्ट्र की एकता, अखंडता, शांति एवं सुरक्षा की कामना की गई। विजयादशमी का पर्व अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। भारतीय संस्कृति में शस्त्र पूजन की परंपरा शक्ति, शौर्य और सुरक्षा के प्रति सम्मान को दर्शाती है। साथ ही यह समाज, राष्ट्र और धर्म की रक्षा के प्रति उत्तरदायित्व का संदेश देती है।
श्री काशी विश्वनाथ धाम में आयोजित इस समारोह ने विजयादशमी के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व को रेखांकित किया। यह पर्व सत्य, साहस, कर्तव्यनिष्ठा और नैतिकता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।


