खत्री हितकारिणी सभा, वाराणसी की ओर से विजयादशमी के अवसर पर मंगलवार को सूड़िया, बुलानाला स्थित सरस्वती इंटरमीडिएट कॉलेज में विजयोत्सव 2026 हर्षोल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में समाज के सदस्यों और उनके परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभु श्रीराम के स्मरण और शस्त्र पूजन के साथ हुआ। इसके बाद श्री शिव शक्ति भजन मंडल ने रामभजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। बच्चों के लिए रामायण के पात्रों पर आधारित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें नन्हे-मुन्नों ने श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी सहित विभिन्न पात्रों का स्वरूप धारण किया। सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। इसके अलावा बच्चों, युवाओं, पुरुषों और महिलाओं के लिए म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता भी हुई, जिसमें सभी आयु वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
सभा के अध्यक्ष सुनील मेहरोत्रा ने विजयादशमी के महत्व और प्रभु श्रीराम के आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए समाज में एकता, सहयोग और संस्कारों को बनाए रखने का आह्वान किया। महामंत्री शम्मी खत्री ने संगठन की गतिविधियों और सामाजिक उद्देश्यों पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने समाज की एकजुटता मजबूत करने और नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने पर बल दिया।
इस अवसर पर खत्री हितकारिणी सभा के नवीन पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों की घोषणा भी की गई। उपस्थित समाजबंधुओं ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए समाज के विकास और संगठनात्मक गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने की अपेक्षा जताई।
कार्यक्रम का संचालन गोपाल सेठ और खत्राणी सोना खन्ना ने किया। अंत में सभा की ओर से सभी अतिथियों, समाजबंधुओं, प्रतिभागियों और आयोजन में सहयोग देने वालों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।


