आदर्श शिक्षा निकेतन विद्यालय में नवरात्रि के पावन अवसर पर डांडिया और गरबा उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम की शुरुआत मां दुर्गा की वंदना और आरती के साथ हुई। इसके बाद रंग-बिरंगे पारंपरिक गुजराती परिधानों में सजे विद्यार्थियों ने डांडिया और गरबा की धुनों पर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। डांडिया की खनक और पारंपरिक लोकगीतों की धुन से विद्यालय परिसर उत्सवमय हो उठा।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जानने तथा समझने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम में उत्कृष्ट नृत्य प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों और सर्वश्रेष्ठ पारंपरिक वेशभूषा में आने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया गया। विद्यार्थियों की माताओं ने भी उत्साह के साथ डांडिया में भाग लिया।कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। प्रसाद वितरण के साथ उत्सव का समापन हुआ।
