काशी के लक्खा मेलों में शुमार चेतगंज की ऐतिहासिक नक्कटैया गुरुवार को भारी उत्साह और श्रद्धा के साथ संपन्न हुई। सुबह से हो रही बारिश के चलते आयोजन की भव्यता और भीड़ को लेकर संशय बना हुआ था, लेकिन रात होते ही श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। छाता, पन्नी और रेनकोट लेकर पहुंचे लोगों ने बारिश की परवाह किए बिना लीला और आकर्षक लाग विमानों का आनंद लिया।नक्कटैया का यह 140वां आयोजन रहा। रात नौ बजे के बाद प्राचीन हनुमान मंदिर के पास भगवान श्रीराम की लीला के दौरान लक्ष्मण ने शूर्पणखा की नाक काटी। इस प्रसंग के मंचन पर श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम और हर-हर महादेव के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय कर दिया। इसके बाद आकर्षक लाग विमानों का प्रदर्शन शुरू हुआ।
आसपास के जिलों से 80 से अधिक लाग विमान आयोजन में शामिल होने पहुंचे। इनमें काशी में आयोजित एयर शो की झलक प्रस्तुत करती झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इसके अलावा जेन जी की आवाज और मोबाइल के बढ़ते नुकसान को दर्शाने वाले लाग विमानों ने भी लोगों का ध्यान खींचा। देर रात कबीरचौरा और सेनपुरा मार्ग से होते हुए लाग विमान लीला स्थल तक पहुंचे।
सुरक्षा को लेकर मुस्तैद रही पुलिस
भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन शाम से ही सतर्क रहा। बारिश के बीच पुलिसकर्मी छाता लेकर ड्यूटी करते नजर आए। रात आठ बजे के बाद लहुराबीर से चेतगंज जाने वाले मार्ग पर बैरियर लगा दिए गए। मेला क्षेत्र में फैंटम दस्ते के जवानों के साथ पुलिसकर्मियों ने पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
चेतगंज रामलीला समिति के अध्यक्ष अजय गुप्ता (बच्चू) और वरिष्ठ उपाध्यक्ष महंत महेंद्र गिरि ने बताया कि बारिश के बावजूद नक्कटैया का आयोजन पूरी भव्यता के साथ संपन्न हुआ। हालांकि मौसम के कारण कुछ लाग विमान आयोजन में नहीं पहुंच सके। इसके बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं रही।



