वाराणसी में PDA व्यापारी सम्मेलन, 2000 से अधिक व्यापारियों ने दर्ज कराई उपस्थिति

समाजवादी व्यापार सभा, उत्तर प्रदेश की ओर से शुक्रवार को पिपलानी कटरा-कबीर रोड स्थित सरोजा पैलेस में PDA व्यापारी मण्डलीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित सम्मेलन में वाराणसी, चंदौली, जौनपुर और गाजीपुर से 2000 से अधिक व्यापारी एवं वैश्य समाज के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। यह प्रदेश का 18वां और अंतिम मण्डलीय सम्मेलन रहा।सम्मेलन के मुख्य अतिथि घोसी के सांसद राजीव राय ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार केवल चंद पूंजीपतियों के हित में काम कर रही है। उसे फुटकर, रेहड़ी-पटरी, गुमटी और छोटे दुकानदारों से कोई हमदर्दी नहीं है। व्यापारियों से कई वादे किए गए, लेकिन जमीनी स्तर पर उनकी समस्याएं बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि व्यापार को बढ़ाने के लिए सुविधाओं और विश्वास के माहौल की जरूरत है। समाजवादी पार्टी व्यापारियों की समस्याओं को मजबूती से उठाएगी।

समाजवादी व्यापार सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष जगन अग्रवाल ने भी सरकार पर छोटे व्यापारियों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों से छोटे दुकानदारों के सामने चुनौतियां बढ़ रही हैं और बड़े कॉरपोरेट घरानों को बढ़ावा मिल रहा है। वहीं, उन्होंने सरकारी स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।प्रदेश अध्यक्ष एवं सम्मेलन के आयोजक प्रदीप जायसवाल ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकारों ने हमेशा व्यापारियों के हितों को प्राथमिकता दी है। मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में व्यापारियों को इंस्पेक्टर राज और चुंगी से राहत मिली थी। अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री रहते व्यापार को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं लागू की गईं।

कार्यक्रम की शुरुआत महाराजा अग्रसेन, दानवीर भामाशाह, महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव आंबेडकर, डॉ. राममनोहर लोहिया और मुलायम सिंह यादव सहित महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित करके की गई। सम्मेलन की अध्यक्षता सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष पारसनाथ जायसवाल ने की तथा संचालन भारत भूषण यादव ने किया।सम्मेलन के समापन पर उपस्थित पदाधिकारियों और व्यापारियों ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने तथा अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया। साथ ही व्यापारी समाज की समस्याओं को संगठन के माध्यम से उठाने और उनके समाधान के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही।


Post a Comment

Previous Post Next Post