नासिरपुर निवासी ब्लैक बेल्ट धारक दृष्टि सिंह पटेल ने कराटे प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। दृष्टि ने सारनाथ में जिला स्तरीय, लखनऊ में राज्य स्तरीय, इटावा में राष्ट्रीय और उत्तराखंड में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीते। वहीं, हरियाणा के पानीपत में आयोजित सीबीएसई नेशनल प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल किया।
जन सुरक्षा फाउंडेशन द्वारा संचालित जन सुरक्षा अकादमी ऑफ मार्शल आर्ट्स की खिलाड़ी दृष्टि की सफलता में प्रशिक्षक मास्टर दीपु कुमार और सेंसेई मनीष बिंद का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
दृष्टि के पिता जितेंद्र पटेल ने कहा कि उनके लिए बेटी और बेटे में कोई फर्क नहीं है। वह अपनी बेटी के सपनों को पूरा करने और उसे आगे बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। दृष्टि की उपलब्धियां और पिता का प्रोत्साहन अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा है।


