प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक और प्रशासनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर वाराणसी में नमामि गंगे के सेवा संकल्प अभियान के तहत विशेष आयोजन किया गया। मंगलवार को सामने घाट पर गंगा आरती कर पीएम मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की गई। इस दौरान मां गंगा का दूध से अभिषेक भी किया गया।
कार्यक्रम में संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। लोगों ने हाथों में तिरंगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीरें लेकर उनके 25 वर्षों के सेवाकाल के लिए आभार जताया। गंगा घाट की सफाई कर स्वच्छता को संस्कार से जोड़ने का संदेश भी दिया गया।
राजेश शुक्ला ने कहा कि सीएम से लेकर प्रधानमंत्री तक नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सफर सुशासन, विकास और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति समर्पित रहा है। स्वच्छ भारत, आयुष्मान, आवास, धारा 370 की समाप्ति, राम मंदिर और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर जैसी उपलब्धियों को इस कार्यकाल की प्रमुख पहचान बताया गया। कार्यक्रम में सुभाष श्रीवास्तव, विनोद सिंह समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।


