प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मस्थान गुजरात के वडनगर से शुरू हुई ‘सेवा संकल्प यात्रा’ बुधवार को काशी पहुंची। मैदागिन स्थित हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज से यात्रा का शुभारंभ हुआ। यहां से करीब 500 बाइक यात्रियों के साथ कार्यकर्ता आगे बढ़े और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे।
भाजपा महानगर महामंत्री पूजा दीक्षित के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर कलश लेकर यात्रा में सहभागिता की। यात्रा के दौरान गुजरात की नदियों के जल और गंगाजल से भरे कलश भी शामिल रहे। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचने पर विधि-विधान से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक और पूजन किया गया।
इससे पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि वडनगर से निकले कार्यकर्ताओं ने हजारों किलोमीटर की यात्रा के दौरान सेवा का संदेश लेकर विभिन्न क्षेत्रों में लोगों से संपर्क किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए कहा कि इस अवधि में उन्होंने गुजरात से लेकर देश तक सेवा का कार्य किया है।हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज से शुरू हुई यात्रा में कार्यकर्ताओं और महिलाओं की सहभागिता रही। बाबा विश्वनाथ के जलाभिषेक और पूजन के बाद यात्री आगे के निर्धारित कार्यक्रमों के लिए रवाना हुए।
Tags
Trending


