बद्रीनाथ से देहरादून जा रहा हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, 6 लोग थे सवार

एक प्राइवेट कंपनी का हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलिकॉप्टर में पायलट समेत 6 लोग सवार थे। इसने दोपहर करीब 1:14 बजे बद्रीनाथ से देहरादून के सहस्रधारा के लिए उड़ान भरी थी। जोशीमठ घाटी के ऊपर पहुंचने के बाद हेलिकॉप्टर का संपर्क टूट गया और ट्रैकिंग सिस्टम पर भी उसकी लोकेशन मिलनी बंद हो गई। सेना और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे की पुष्टि की है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन और SDRF की टीमें राहत एवं बचाव कार्य के लिए रवाना हो गईं। रेस्क्यू टीम पहाड़ी पर चढ़कर दुर्घटनास्थल तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। आपदा प्रबंधन अधिकारी के मुताबिक, जेपी डैम के ऊपर जंगल में सफेद रंग की किसी चीज में आग लगने की सूचना मिली थी। इसकी जांच के लिए दूसरे हेलिकॉप्टर भी भेजे गए। हादसे में ट्रांस भारत एविएशन का हेलिकॉप्टर शामिल था, जिसमें कैप्टन हिमांशु के साथ पांच यात्री सवार थे। सभी यात्री बेंगलुरु के बताए जा रहे हैं। घटना के बाद कंपनी के पूरे हेलिकॉप्टर बेड़े की उड़ानों पर रोक लगा दी गई है।

उत्तराखंड में खराब मौसम के बीच हुआ यह हादसा हवाई सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा रहा है। राज्य में कई जगह बारिश और बर्फबारी हो रही है। केंद्र सरकार के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2020 से जुलाई 2025 के बीच उत्तराखंड में 7 हेलिकॉप्टर दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 21 लोगों की जान गई। वहीं, 2023 से 2025 के दौरान 6 हादसे दर्ज किए गए।



Post a Comment

Previous Post Next Post