वाराणसी में क्राइम ब्रांच के कांस्टेबल अमित शुक्ला पर फायरिंग करने वाले तीन आरोपियों के साथ पुलिस की अलग-अलग मुठभेड़ हुई। लंका थाना क्षेत्र में हुई इन मुठभेड़ों के दौरान तीनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने राज विश्वकर्मा, अंजनी झा और राजू तिवारी को घायल हालत में गिरफ्तार कर लिया। तीनों को इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
दरअसल, शुक्रवार देर शाम नरिया तिराहे पर बदमाशों और असलहा तस्करों की सूचना मिलने पर क्राइम ब्रांच की टीम कार्रवाई करने पहुंची थी। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं। फायरिंग में कांस्टेबल अमित शुक्ला को पेट, पीठ और हाथ में तीन गोलियां लगीं। गंभीर हालत में उन्हें ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कई जगह घेराबंदी की। इसी दौरान लोटूबीर मंदिर के पास राज विश्वकर्मा के साथ मुठभेड़ हुई, जिसमें वह घायल हो गया।
वहीं, अंजनी झा और राजू तिवारी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उन्हें सामनेघाट इलाके में असलहे बरामद कराने के लिए ले गई थी। पुलिस के मुताबिक, मौके पर पहुंचते ही दोनों आरोपियों ने छिपाए गए हथियारों से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। फिलहाल तीनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं। पुलिस घटना में इस्तेमाल हथियारों की बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।


