कैंट रेलवे स्टेशन के सामने स्थित विजयनगरम मार्केट में नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से कब्जा कर दुकान लगाने वाले दुकानदारों के अतिक्रमण को बुलडोजर की मदद से हटाया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर नगर निगम की टीम ने अवैध कब्जों को हटाकर रास्तों को खाली कराया।
नगर निगम की टीम ने अभियान के दौरान अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों से कुल 20 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूल किया। संयुक्त नगर आयुक्त जितेंद्र आनंद ने बताया कि विजयनगरम मार्केट में लगातार मिल रही अतिक्रमण की शिकायतों को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है। दुकानदारों को चेतावनी दी गई है कि दोबारा अतिक्रमण करने पर पहले से अधिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और नगर निगम का अतिक्रमण दस्ता लगातार अभियान में जुटा रहा। बुलडोजर कार्रवाई और जुर्माना वसूली के बाद बाजार में अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों में हलचल देखने को मिली। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


