वाराणसी के पहाड़िया मंडी स्थित मतगणना केंद्र पर मंगलवार सुबह 8 बजे से शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव की मतगणना जारी है। दोनों सीटों पर कुल 34 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होना है। बैलेट पेपर से मतगणना होने के कारण प्रक्रिया में 24 घंटे से अधिक समय लगने का अनुमान है।
मतगणना के लिए 50-50 मतपत्रों के बंडल बनाकर गिनती की जा रही है। केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। करीब 2500 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के साथ त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है। स्ट्रांग रूम की निगरानी पीएसी के 27 जवान कर रहे हैं। इसके अलावा पीएसी और क्यूआरटी की टीमें भी तैनात हैं।
मतगणना केंद्र में केवल पासधारक अभिकर्ताओं और अधिकृत लोगों को ही प्रवेश दिया जा रहा है। प्रवेश द्वार पर डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD) से जांच के बाद अंदर जाने की अनुमति दी जा रही है।
आठ जिलों में हुए मतदान के दौरान शिक्षक सीट पर 69.87 प्रतिशत और स्नातक सीट पर 41.11 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के मुताबिक, मतगणना में अभी समय लगेगा। शिक्षक एमएलसी सीट का परिणाम देर शाम तक आने की संभावना है। वहीं, प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की नजरें मतगणना के नतीजों पर टिकी हैं।


