कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव एवं राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री रघु शर्मा ने पराड़कर स्मृति भवन में पत्रकार वार्ता कर एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ महारैली की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने दावा किया कि महारैली में वाराणसी से बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
वाराणसी में महारैली के पर्यवेक्षक एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के नेता रघु शर्मा ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न राज्यों में मतदाताओं की संख्या में अचानक वृद्धि हुई है और वाराणसी में भी चुनावी प्रक्रिया को लेकर सवाल उठे हैं। उन्होंने इन मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग की।
रघु शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष चुनाव, पारदर्शी मतदाता सूची और स्वतंत्र चुनाव आयोग आवश्यक हैं। कांग्रेस की मांग है कि चुनाव आयोग की स्वतंत्रता और विश्वसनीयता बहाल करने के लिए उठ रहे सवालों का पारदर्शी तरीके से जवाब दिया जाए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस मताधिकार और संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता के मुद्दे को लगातार उठा रही है।
उन्होंने बताया कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत देशभर में जनजागरण किया जा रहा है। इसी क्रम में एक नवंबर को दिल्ली में होने वाली महारैली के लिए वाराणसी के कांग्रेसजनों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की गई है।
पत्रकार वार्ता में पूर्व विधायक एवं PCC पर्यवेक्षक भगवती प्रसाद चौधरी, जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, वरिष्ठ नेता राघवेंद्र प्रताप सिंह, युवा कांग्रेस महानगर अध्यक्ष चंचल शर्मा सहित रोहित दुबे, परवेज खान, मो. उजैर, विनीत चौबे, आयुष पटेल समेत अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।


