वाराणसी में एयर शो के समापन के दिन भीषण गर्मी का असर दर्शकों की सेहत पर पड़ा। कार्यक्रम देखने पहुंचे लोगों में अचानक तबीयत खराब होने के मामले सामने आए। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, कुल 370 लोगों को चिकित्सा सहायता देनी पड़ी। गर्मी के कारण कई लोगों को चक्कर आने, उल्टी, सिरदर्द और कमजोरी जैसी दिक्कतें हुईं। मौके पर मौजूद मेडिकल टीमों ने लोगों की जांच कर जरूरी दवाएं दीं, जबकि अधिक गंभीर स्थिति वाले तीन लोगों को अस्पताल भेजा गया।
भीड़ के बीच किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने एंबुलेंस और चिकित्सा दलों को सक्रिय रखा। अस्पताल में भर्ती कराए गए मरीजों में दो को चौकाघाट स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और एक को मंडलीय चिकित्सालय में उपचार के लिए पहुंचाया गया। आयोजन के दौरान डॉक्टरों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने मिलकर चिकित्सा सेवाएं संभालीं। हीट स्ट्रोक से प्रभावित एक मरीज को डॉ. शिवशक्ति प्रसाद द्विवेदी ने तत्काल प्राथमिक उपचार दिया। पूरी व्यवस्था पर काशी कमांड सेंटर से नजर रखी गई।


