डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के इंडोर हॉल में आयोजित दो दिवसीय काशी सांसद खेलकूद थाई बॉक्सिंग प्रतियोगिता 2026 का 28 अक्टूबर को सफल समापन हुआ। 27 और 28 अक्टूबर को आयोजित प्रतियोगिता में कुल 385 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में सनबीम स्कूल वरुणा, दिल्ली पब्लिक स्कूल, जयपुरिया स्कूल और हरिबंधु इंटरनेशनल स्कूल सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। इसके अलावा वाराणसी के विभिन्न क्लबों के खिलाड़ियों ने भी उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।प्रतियोगिता का उद्घाटन क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी नवीन कुमार सिंह ने किया, जबकि समापन समारोह में जिला ओलंपिक संघ के सचिव शम्स तबरेज (शम्पू) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
आयोजन को सफल बनाने में टूर्नामेंट डायरेक्टर मोहम्मद अज़हर खान सहित शिव प्रताप शाही, निलेश यादव, हिमांशु विश्वकर्मा, खुशी सिंह, दिनेश प्रजापति, राघवेंद्र यादव, राशीद अहमद, आदाब खान, शुभांगी और मानसी निषाद का महत्वपूर्ण योगदान रहा।इस अवसर पर थाई बॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ वाराणसी की अध्यक्ष मनीषा रानी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिनेश कुमार और वीरेंद्र शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।प्रतियोगिता की जानकारी एसोसिएशन के सचिव सैयद इमरान हुसैन ने दी।


