सुंदरपुर स्थित पेट मार्ट की दुकान में अराजक तत्वों ने की जमकर तोड़फोड़, 12 लाख रुपये लूटने का आरोप

 नेवादा सुंदरपुर स्थित स्वामी हरसेवानंद अस्पताल के पास रविवार देर रात मारपीट, तोड़फोड़ और लूटपाट की घटना सामने आई है। यहां श्री राम ग्लास एंड प्लाईवुड एवं द रॉयल पेट मार्ट नाम से संचालित दुकान पर कुछ लोगों ने कथित तौर पर धावा बोल दिया। दुकानदार का आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ मारपीट की, दुकान में जमकर तोड़फोड़ की और करीब 12 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। आरोप है कि हमलावर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़कर उखाड़ ले गए। घटना रात करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है।

पीड़ित दुकानदार के अनुसार, दुकान को लेकर विवाद न्यायालय में विचाराधीन है। उनका आरोप है कि उन्हें दुकान खोलने नहीं दिया जा रहा था। इसके बावजूद जब उन्होंने दुकान खोली तो कुछ लोग वहां पहुंच गए और उनके साथ मारपीट करने लगे। इसके बाद दुकान में तोड़फोड़ की गई और नकदी लूट ली गई।दुकानदार का कहना है कि दुकान में रखे करीब 12 लाख रुपये कंपनियों को भुगतान करने के लिए थे। आरोपितों ने इस रकम को भी लूट लिया। घटना के दौरान दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी निशाना बनाया गया।


Post a Comment

Previous Post Next Post