नुआँव दुर्गा पूजा महोत्सव में भक्तिमय माहौल, मां दुर्गा की आराधना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

 शारदीय दुर्गा पूजा महोत्सव-2026 के अंतर्गत नुआँव सब्जी मंडी के पास सप्तमी तिथि पर मां दुर्गा की भव्य आरती और विधि-विधान से पूजन के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और माता के जयकारों के बीच माता का मुख खोला गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।कार्यक्रम में ओम प्रकाश सिंह, बालेश्वर सिंह, अमित कुमार एवं कालीचरण सहित आयोजन से जुड़े लोगों ने मां दुर्गा की आरती कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शिव तांडव और महिषासुर मर्दिनी का मंचन आकर्षण का केंद्र रहा। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान शिव के दिव्य स्वरूप और मां दुर्गा की महिषासुर पर विजय की कथा को जीवंत किया। वहीं, क्षेत्रीय कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का मनमोहक मंचन कर दर्शकों का मन मोह लिया।धार्मिक अनुष्ठानों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के संगम ने महोत्सव को विशेष बना दिया। आयोजन के माध्यम से धर्म, आस्था, भारतीय संस्कृति और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया गया। श्रद्धालुओं की सहभागिता से सप्तमी का कार्यक्रम उत्साह और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ।

Post a Comment

Previous Post Next Post