अंधरापुल में मीट की दुकानों पर नगर निगम का एक्शन, 8 दुकानदारों पर 6 हजार जुर्माना

वाराणसी में मीट की दुकानों पर नियमों की अनदेखी को लेकर नगर निगम ने सख्ती दिखाई है। अंधरापुल इलाके में टीम ने दुकानों की जांच कर साफ-सफाई और मांस रखने के तरीके का जायजा लिया। अभियान के दौरान आठ दुकानदारों पर कार्रवाई करते हुए कुल 6 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। नगर निगम की इस कार्रवाई का उद्देश्य दुकानों के संचालन में तय मानकों का पालन कराना है।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को कुछ दुकानों पर ऐसी कमियां मिलीं, जिनसे आम लोगों को सड़क से ही खुले में रखा मांस दिखाई दे रहा था। कई जगहों पर सफाई की स्थिति भी ठीक नहीं मिली और कचरे को सही तरीके से हटाने में लापरवाही सामने आई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मीट की दुकानों में पर्दे या पारदर्शी शीशे की व्यवस्था के साथ आसपास की सफाई और कचरे का उचित प्रबंधन भी जरूरी है।

नगर निगम की टीम ने दुकानदारों को नियमों के प्रति सचेत करते हुए आगे से लापरवाही नहीं बरतने की चेतावनी दी। पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. विजय अमृतराज के निर्देश पर पुलिस और प्रवर्तन दल के सहयोग से जांच की गई। अधिकारियों के मुताबिक, दोबारा गड़बड़ी मिलने पर दुकान सील करने और लाइसेंस रद्द करने तक की कार्रवाई हो सकती है।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post