सुसुवाही स्थित नवनीता कुँवर पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को नवरात्रि महोत्सव श्रद्धा, उत्साह और सांस्कृतिक उल्लास के साथ मनाया गया। विद्यार्थियों ने देवी आराधना, रामलीला, भक्ति गीतों और डांडिया-गरबा की मनमोहक प्रस्तुतियों से समारोह में चार चांद लगा दिए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक परंपराओं को अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राजेश राय, उपाध्यक्ष प्रवीण राय, प्रधानाचार्य डॉ. दिवाकर राय तथा वरिष्ठ एवं कनिष्ठ समन्वयकों ने त्रिदेवियों के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलन और पुष्पार्पण कर किया। विद्यार्थियों ने गणेश वंदना और दुर्गास्तुति से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मां नवदुर्गा के स्वरूप में सजी छोटी बच्चियां आकर्षण का केंद्र रहीं। वहीं, भगवान राम के जीवन पर आधारित नाट्य प्रस्तुति के जरिए उनके आदर्शों और मर्यादा का संदेश दिया गया।
छात्र-छात्राओं ने भक्ति गीतों, नृत्य, दुर्गा श्लोकों और रामचरितमानस की चौपाइयों के पाठ से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। समूह में डांडिया और गरबा नृत्य की प्रस्तुति ने समारोह में विशेष उत्साह भर दिया। आरव, धनश्री, दिग्षा, अयान और अनमोल सहित अन्य विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रधानाचार्य डॉ. दिवाकर राय ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मां दुर्गा साहस, वीरता और कर्म की प्रेरणा देती हैं, जबकि भगवान राम सद्गुणों और मर्यादा के आदर्श हैं। समाज को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति के व्यक्तित्व में सद्गुणों और मर्यादा का विकास आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से इन आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन कनिष्ठ समन्वयक असीम घोषाल के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा।


