कोडीन कफ सिरप केस में शुभम जायसवाल की पत्नी पर कसा शिकंजा, वैशाली के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी

वाराणसी के चर्चित कोडीन कफ सिरप मामले में पुलिस ने फरार आरोपी शुभम जायसवाल की पत्नी वैशाली जायसवाल उर्फ वैशाली पोसवानी पर भी शिकंजा कस दिया है। कोर्ट ने वैशाली के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करते हुए पुलिस को उसे पकड़कर अदालत में पेश करने का आदेश दिया है। जांच के दौरान पुलिस को शुभम से जुड़ी संपत्तियों और शराब के कारोबार में वैशाली के नाम से जुड़े दस्तावेज मिले हैं।

वारंट मिलने के बाद पुलिस ने वैशाली की तलाश में कार्रवाई तेज कर दी है। जगतगंज स्थित उसके घर पर पुलिस पहुंच रही है और उसके रिश्तेदारों व आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के अनुसार, शुभम के फरार होने के बाद से ही वैशाली भी पुलिस की पहुंच से बाहर है। दोनों की तलाश 10 महीने से अधिक समय से जारी है।

इस मामले में शुभम जायसवाल के खिलाफ पुलिस पहले ही रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर चुकी है। कायस्थ टोला प्रह्लादघाट निवासी शुभम पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित है और उसकी तलाश इंटरपोल की मदद से की जा रही है। वहीं, उसके पिता भोला जायसवाल को कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया जा चुका है। अब SIT आरोपियों से जुड़ी संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई आगे बढ़ाने की तैयारी में है।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post