वाराणसी में सुनील गुजराती की मौत के बाद चाइनीज मांझे की बिक्री करने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सोमवार को शहर के अलग-अलग इलाकों में एक साथ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 9 लोगों को गिरफ्तार किया। इस दौरान 137 किलो से अधिक प्रतिबंधित मांझा जब्त किया गया और आरोपियों के खिलाफ 8 मुकदमे दर्ज किए गए। यह कार्रवाई 11 अक्टूबर को कज्जाकपुरा फ्लाईओवर पर हुए हादसे के बाद तेज की गई है।
छापेमारी के दौरान दशाश्वमेध क्षेत्र से सबसे ज्यादा 56 किलो मांझा मिला, जबकि कोतवाली क्षेत्र से 37.873 किलो बरामद किया गया। भेलूपुर, लालपुर-पांडेयपुर, सारनाथ, मंडुआडीह और लोहता में भी पुलिस ने प्रतिबंधित मांझा जब्त किया। वहीं रामनगर में घाट के पास 20 किलो मांझा पड़ा मिला, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया। अभियान के तहत पतंग की दुकानों और अन्य संदिग्ध ठिकानों की तलाशी ली गई।
पुलिस ने साफ किया है कि चाइनीज मांझे की खरीद-बिक्री और इस्तेमाल पर रोक को लेकर अब लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दुकानदारों को प्रतिबंधित मांझा नहीं रखने की चेतावनी दी गई है। पुलिस के मुताबिक, नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सुनील गुजराती की मौत के बाद इस अभियान का उद्देश्य ऐसे हादसों को रोकना और शहर में प्रतिबंधित मांझे की उपलब्धता पर लगाम लगाना है।


