वाराणसी में 24 से 26 अक्टूबर को प्रस्तावित मेगा एयर शो की तैयारियों के तहत भारतीय वायु सेना और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को परखना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में रविदास घाट पर सेना के हेलीकॉप्टर की मदद से मॉक ड्रिल की गई। इस अभ्यास में आपात स्थिति से निपटने की प्रक्रिया को आजमाया गया, ताकि आयोजन के दौरान किसी भी चुनौती का सामना किया जा सके।
मॉक ड्रिल के दौरान सेना का हेलीकॉप्टर रविदास घाट पर खड़े विवेकानंद क्रूज के पास पहुंचा और कुछ देर तक हवा में स्थिर रहा। इसके बाद क्रूज की छत के पास रस्सी लटकाई गई, जिसके सहारे जवान नीचे उतरे। तय प्रक्रिया पूरी करने के बाद हेलीकॉप्टर वापस उड़ गया। हेलीकॉप्टर की आवाज सुनकर घाट पर मौजूद लोगों की नजरें आसमान की ओर उठ गईं। कई लोग इस दृश्य को अपने मोबाइल में कैद करने के लिए घाट की तरफ पहुंचे।
मेगा एयर शो को देखते हुए प्रशासन भीड़ और वाहनों के दबाव को संभालने के लिए यातायात व्यवस्था पर काम कर रहा है। आयोजन के दौरान सुचारु आवागमन बनाए रखने के लिए महाकुंभ की तर्ज पर तीन अलग-अलग ट्रैफिक प्लान तैयार करने की तैयारी है। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य बड़े आयोजन के दौरान संभावित आपात स्थिति में सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता जांचना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।


