समाजवादी व्यापार सभा की ओर से शुक्रवार को पैगम्बरपुर पंचक्रोशी मार्ग स्थित श्रीराम पीजी कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड एजुकेशन में PDA व्यापारी जिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में व्यापारियों, वैश्य एवं बनिया समाज के करीब 500 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में व्यापारियों की समस्याओं, छोटे दुकानदारों और लघु-मध्यम व्यापारियों की स्थिति को लेकर वक्ताओं ने अपनी बात रखी।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि चंदौली सांसद वीरेन्द्र सिंह ने कहा कि बड़े कॉरपोरेट जगत को बढ़ावा देने और छोटे दुकानदारों को प्रभावित करने वाली नीतियों को लेकर व्यापारी समाज में चिंता है। उन्होंने कहा कि व्यापारी हित के मुद्दों को लोकसभा में उठाया जाता रहेगा। वहीं वाराणसी स्नातक खंड क्षेत्र के एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने कहा कि उन्होंने विधानसभा में व्यापारी हित से जुड़े मुद्दों और व्यापार नीतियों का विरोध किया है और आगे भी व्यापारियों की समस्याओं को सदन में उठाते रहेंगे। समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने खुदरा, फुटकर, रेहड़ी-पटरी, गुमटी, खुमचा और ठेला कारोबारियों की समस्याओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने ऑनलाइन मार्केटिंग के बढ़ते प्रभाव और यूपीआई में एमडीआर चार्ज को लेकर चिंता जताई। समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव डा. अजय चौरसिया ने कहा कि व्यापारियों से जुड़े पुराने निर्णयों और योजनाओं को व्यापारी समाज आज भी याद करता है।
कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित करने और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। सम्मेलन की अध्यक्षता समाजवादी व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष आलोक प्रकाश गुप्ता ने की, जबकि संचालन महानगर महासचिव सोहन लाल चौरसिया ने किया। महानगर अध्यक्ष काशी नाथ गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम के अंत में जिला महासचिव प्रदीप मोदनवाल ने सम्मेलन में शामिल प्रतिनिधियों और अतिथियों के प्रति आभार जताया। सम्मेलन में सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़, महानगर अध्यक्ष दिलीप डे, पारस नाथ जायसवाल, डॉ. ओपी सिंह, संजय मिश्रा सहित समाजवादी पार्टी और समाजवादी व्यापार सभा के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


