शास्त्री जयंती पर छात्राओं ने किया पैतृक आवास का अवलोकन, गांधी-शास्त्री के विचारों को अपनाने का लिया संकल्प

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर डोमरी स्थित आचार्य सीताराम चतुर्वेदी महिला महाविद्यालय की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। महाविद्यालय की निदेशक प्रो. कल्पलता पाण्डेय के नेतृत्व में छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों ने रामनगर के शास्त्री चौक पहुंचकर लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की।

इसके बाद सभी शास्त्री जी के पैतृक आवास पहुंचे, जहां उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। छात्राओं ने उनके ऐतिहासिक आवास का अवलोकन भी किया और उनके जीवन से जुड़ी जानकारी प्राप्त की महाविद्यालय परिसर में आयोजित संगोष्ठी में प्रो. कल्पलता पाण्डेय ने कहा कि गांधी जी ने देश को सत्य और अहिंसा का मार्ग दिखाया, जबकि शास्त्री जी ने ‘जय जवान-जय किसान’ का नारा देकर सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया। उन्होंने छात्राओं से दोनों महापुरुषों के जीवन और विचारों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

सीएमओ श्रीमती अपूर्वा पाण्डेय ने कहा कि गांधी और शास्त्री जी के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। युवाओं को उनके आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। कार्यक्रम में छात्राओं और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. लक्ष्मी ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. प्रतिमा राय ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post