पितरकुंडा तिराहे पर शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर वाराणसी डर्बीशायर क्लब की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। क्लब के अध्यक्ष शकील अहमद जादूगर के नेतृत्व में गांधी जी की जयंती मनाई गई और आम लोगों को गुलाब के फूल भेंट कर प्रेम, शांति और अहिंसा का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर शकील अहमद जादूगर ने कहा कि महात्मा गांधी ने देशवासियों को सत्य और अहिंसा का मार्ग दिखाया और स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की कि जिस प्रकार 2 अक्टूबर को स्वच्छता दिवस के रूप में विशेष महत्व दिया जाता है, उसी तरह अहिंसा दिवस के रूप में भी इसे मनाया जाए, ताकि समाज में आपसी प्रेम और भाईचारा मजबूत हो।
उन्होंने कहा कि 2 अक्टूबर का दिन देश के लिए विशेष महत्व रखता है। इसी दिन महात्मा गांधी के साथ देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की भी जयंती मनाई जाती है। शास्त्री जी ने ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देकर देशवासियों में राष्ट्रसेवा और कर्तव्य का भाव जगाया।
कार्यक्रम में हैदर, हाजी असलम, मुलाई, गुफरान अहमद, चिंतित बनारसी, मोहम्मद फैज, जावेद हुसैन, मोहम्मद तौफीक, मोहम्मद नईम और मोहम्मद वसीम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


