नेशनल चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस में इंटरनेशनल हिंदू स्कूल के छात्रों ने हासिल किया प्रथम स्थान

नगवा, लंका स्थित इंटरनेशनल हिंदू स्कूल के कक्षा नौ के छात्र पार्थ तिवारी और छात्रा अर्नवी शर्मा ने राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया है। जल संरक्षण पर आधारित उनके नवाचारी प्रोजेक्ट ‘एक्वा हार्वेस्ट एआई’ ने निर्णायकों को प्रभावित किया।

28 अक्टूबर को आयोजित प्रतियोगिता में जनपद के 60 से अधिक विद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच पार्थ और अर्नवी ने जल की सतत उपलब्धता एवं संसाधनों के बेहतर प्रबंधन पर आधारित अपने प्रोजेक्ट के जरिए यह उपलब्धि हासिल की।


विद्यार्थियों ने बताया कि वर्तमान समय में जल संरक्षण और जल संसाधनों का प्रभावी प्रबंधन बेहद महत्वपूर्ण है। उनका प्रोजेक्ट इसी दिशा में वैज्ञानिक एवं तकनीकी दृष्टिकोण के साथ नवाचार को प्रदर्शित करता है। इस उपलब्धि पर विद्यालय के अध्यक्ष डॉ. सुमन कुमार मिश्रा ने अमेरिका से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, तकनीकी समझ और नवाचार की भावना विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने प्रोजेक्ट की मार्गदर्शक एवं विज्ञान शिक्षिका वाणी याग्निक के योगदान की भी सराहना की।

विद्यालय की प्रबंधक संध्या मिश्रा ने कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय के लिए गर्व का विषय है और इससे अन्य विद्यार्थियों को विज्ञान एवं अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। प्रधानाचार्य संतोष कुमार तिवारी, शैक्षणिक सलाहकार जयंती सामंत, उपप्रधानाचार्य गणेश शंकर चतुर्वेदी और हेड मिस्ट्रेस अनुपम श्रीवास्तव सहित विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Post a Comment

Previous Post Next Post