UPI भुगतान पर प्रस्तावित 0.04 प्रतिशत MDR (मर्चेंट डिस्काउंट रेट) चार्ज के विरोध में सोमवार को समाजवादी व्यापार सभा ने वाराणसी के प्रमुख बाजारों में प्रदर्शन किया। मैदागिन, बुलानाला, नीचीबाग, ठठेरी बाजार और चौक सहित विभिन्न क्षेत्रों में व्यापारियों व संगठन के पदाधिकारियों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर विरोध जताया। इस दौरान थाली-चम्मच बजाकर केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज उठाई गई।
समाजवादी व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष आलोक गुप्ता और महानगर अध्यक्ष काशी नाथ गुप्ता के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में संगठन ने प्रस्तावित चार्ज से छोटे दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों और आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ने की आशंका जताई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि डिजिटल भुगतान व्यवस्था को सरल, सुलभ और किफायती बनाए रखना जरूरी है। व्यापारियों से जुड़े ऐसे निर्णय लेने से पहले संबंधित संगठनों से संवाद किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने प्रस्तावित चार्ज पर पुनर्विचार करने की मांग की।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने इस निर्णय को लागू किया, तो समाजवादी व्यापार सभा प्रदेशभर में जिला संगठनों के माध्यम से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि संगठन व्यापारियों और आम जनता के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगा।
प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष पारस नाथ जायसवाल, प्रदेश सचिव डॉ. अजय चौरसिया, मो. दिलशाद अहमद, ईशान श्रीवास्तव, जिला महासचिव प्रदीप मोदनवाल, महानगर महासचिव सोहन लाल चौरसिया, प्रदेश सचिव मुरलीधर जायसवाल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


