वाराणसी में मौसम का बदला मिजाज, 48 घंटे तक बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

वाराणसी में गुरुवार को बदले मौसम ने ठंडक बढ़ा दी। सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और रुक-रुककर हल्की बारिश होती रही। तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि हवा 16 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली। मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव के अनुसार, अगले 48 घंटे तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। इस दौरान बारिश के साथ तेज हवाएं और गरज-चमक होने की संभावना है।

मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए प्रशासन ने 29 और 30 अक्टूबर को लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। तेज हवाओं और आकाशीय बिजली के खतरे को देखते हुए खुले स्थानों पर जाने से बचने तथा पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है। कमजोर मकानों और क्षतिग्रस्त छतों में रहने वाले परिवारों को सुरक्षित भवनों में जाने की सलाह दी गई है।

संभावित बारिश को देखते हुए किसानों से फसलों को सुरक्षित रखने के इंतजाम करने को कहा गया है। वहीं, नाविकों को खराब मौसम में नदी में जाने से बचने और पशुपालकों को मवेशियों की सुरक्षा का ध्यान रखने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने जलभराव वाले रास्तों और अंडरपास से गुजरते समय सावधानी बरतने की अपील करते हुए लोगों से मौसम की स्थिति पर नजर रखने को कहा है।



Post a Comment

Previous Post Next Post