मतदाता सूची के मुद्दे पर सपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन,चुनाव आयोग का पुतला फूंका

मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के विरोध में समाजवादी पार्टी और नेशनल इक्वल पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को शास्त्री घाट पर संयुक्त प्रदर्शन किया। सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव उर्फ लक्कड़ पहलवान और नेशनल इक्वल पार्टी के शशि प्रताप सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और मौके पर सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा।

कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूचियों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। सपा की ओर से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा गया। इसमें विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाताओं के नाम हटाए जाने और पर्याप्त सत्यापन के बिना नाम विलोपित किए जाने की आशंका जताई गई। प्रदर्शनकारियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

प्रदर्शन के बाद सपा जिला मुख्यालय पर चुनाव आयोग का पुतला फूंका गया। इस दौरान सरकार और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ भी नारेबाजी हुई। कार्यक्रम के दौरान कुछ यूट्यूबरों और सपा कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक के बाद झड़प की स्थिति बन गई। प्रदर्शन में सांसद चंदौली वीरेंद्र सिंह समेत दीपचंद गुप्ता, अभिषेक यादव उर्फ गुड्डू, अखिलेश मिश्रा, महेंद्र यादव, डॉ. उमाशंकर, संजय यादव, उमाकांत त्रिपाठी, गोपाल पांडेय, सतीश यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post