BHU के छात्रावासों में OBC को 27% आरक्षण देने की मांग तेज, छात्रों ने कुलसचिव कार्यालय में सौंपा ज्ञापन

काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के छात्रावासों में OBC वर्ग के विद्यार्थियों को 27 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग को लेकर छात्रों ने फिर से आवाज उठाई है। छात्रों ने विश्वविद्यालय के केंद्रीय कार्यालय पहुंचकर कुलसचिव कार्यालय में ज्ञापन सौंपा और छात्रावास आवंटन में आरक्षण व्यवस्था जल्द लागू करने की मांग की। उनका कहना है कि SC और ST वर्ग के विद्यार्थियों के लिए आरक्षण की व्यवस्था है, लेकिन OBC विद्यार्थियों को अब तक इसका लाभ नहीं मिल रहा है।


छात्रों ने बताया कि 9 जनवरी 2022 को कुलपति की ओर से गठित समिति की बैठक में BHU के छात्रावासों में OBC वर्ग के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की सिफारिश की गई थी। इस दौरान दिल्ली विश्वविद्यालय, झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय और इलाहाबाद विश्वविद्यालय की व्यवस्थाओं का भी अध्ययन किया गया था। छात्रों ने कुलसचिव डॉ. राजन श्रीवास्तव के अवकाश पर होने के कारण प्रभारी कुलसचिव डॉ. मनोज पांडेय से मुलाकात कर पुरानी सिफारिशों और दस्तावेजों के आधार पर कार्रवाई करने का आग्रह किया।

                                     

मांग पूरी नहीं होने पर छात्रों ने आंदोलन जारी रखने का फैसला लिया है। केंद्रीय पुस्तकालय के पास हुई बैठक में आगे की रणनीति पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि छात्रावासों में 27 प्रतिशत OBC आरक्षण लागू होने तक चरणबद्ध तरीके से विरोध जारी रहेगा। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से जल्द निर्णय लेने की मांग की। बैठक में निर्भय यादव, हिमांशु यादव, शशि कुमार, धर्मेंद्र पाल, नितिन सोनकर, संदीप प्रजापति, अतुल यादव, आयुष मौर्य, इमरान खान और प्रिंस वीर सहित कई छात्र मौजूद रहे।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post