काशी के महाराज डॉ. विभूति नारायण सिंह का जन्म शताब्दी महोत्सव काशी हिंदू विश्वविद्यालय के एन. उडुप्पा सभागार में भव्यता के साथ मनाया गया। समारोह में काशी की 108 विभूतियों को काशीराज कीर्ति अलंकरण से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जंगमबाड़ी मठ के पीठाधीश्वर जगद्गुरु चंद्रशेखर शिवाचार्य महास्वामी और विशिष्ट अतिथि बीएचयू के कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इससे पूर्व नृत्यांगना अदिति चटर्जी ने गणेश वंदना और पं. चंद्रशेखर घनपाठी ने वैदिक मंगलाचरण प्रस्तुत किया।वक्ताओं ने कहा कि काशीराज डॉ. विभूति नारायण सिंह काशी के सांस्कृतिक अग्रदूत थे। उन्होंने काशी की सांस्कृतिक परंपराओं और संस्कारों के संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस अवसर पर श्री श्री मां आनंदमयी पीठ की छात्राओं ने संगीतमय स्तुति प्रस्तुत की। साथ ही गीता ज्ञान, नृत्य और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वाली प्रमुख विभूतियों में अम्बरीश सिंह भोला, डॉ. अशोक राय, पं. अभिषेक द्विवेदी, प्रो. रामनारायण द्विवेदी, अनिल श्रीवास्तव, डॉ. रागिनी सरना, ममता टंडन, पं. रविशंकर मिश्रा और डॉ. अजय जायसवाल सहित अन्य शामिल रहे। कार्यक्रम के मुख्य संयोजक चक्रवर्ती विजय नावड़, आयोजन सचिव मनोज गुप्ता सहित राजपरिवार के सदस्य उपस्थित रहे। संचालन चक्रवर्ती विजय नावड़ ने किया।


