12 साल के बच्चे का अपहरण कर जंगल में की हत्या, पुलिस मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार

मिर्जापुर के विंध्याचल थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय बालक की अपहरण के बाद हत्या का मामला सामने आया है। सेमरी गांव में बाइक सिखाने के बहाने आरोपी पिंटू बच्चे को अपने साथ ले गया और उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान गांव निवासी केशव प्रसाद के 12 वर्षीय बेटे प्रिंस के रूप में हुई है। आरोपी पिछले चार-पांच दिनों से केशव की चाय-पान की दुकान पर आकर बैठता था।

परिजनों के मुताबिक, सोमवार शाम करीब चार बजे आरोपी ने प्रिंस को बाइक सिखाने की बात कही और उसे बाइक पर बैठाकर बिहसड़ा बाजार की ओर चला गया। देर शाम तक बच्चा घर नहीं लौटा तो परिजनों ने आरोपी के मोबाइल पर फोन किया, लेकिन उसका फोन बंद मिला। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने बच्चे के चचेरे भाई आदित्य को फोन कर 50 लाख रुपये की फिरौती भी मांगी थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और छानबीन के दौरान आरोपी की तलाश में जुट गई।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के अनुसार, आरोपी पिंटू और उसके साथी शैलेंद्र निवासी कामापुर को कुशियारा फाल के जंगल में मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया। इस दौरान आरोपी पिंटू के दोनों पैरों में गोली लगी। पूछताछ में उसने बताया कि अपहरण के बाद करीब दो घंटे तक बच्चे को घुमाया और फिर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने जंगल से बालक का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर दिया।

Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post