वाराणसी के दारानगर स्थित भगवान चित्रगुप्त का प्राचीन सात मंजिला मंदिर भाई दूज के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए खोला गया। मंदिर के कपाट साल में केवल एक बार खुलते हैं। बुधवार को कपाट खुलते ही दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही श्रद्धालु भगवान चित्रगुप्त के दर्शन के लिए पहुंचने लगे। अनुमान के मुताबिक, इस दिन करीब 500 से 1000 श्रद्धालु मंदिर में दर्शन और पूजन करते हैं।
मान्यता है कि भाई दूज के दिन भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना करने से परिवार में सुख-समृद्धि आती है और सद्बुद्धि का आशीर्वाद मिलता है। इसी विश्वास के साथ श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान के सामने माथा टेका और परिवार की खुशहाली की कामना की। मंदिर के कपाट खुलने के साथ ही परिसर में भक्तिमय माहौल देखने को मिला और श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए।
मंदिर प्रबंधक राय माहेश्वरी प्रसाद श्रीवास्तव के अनुसार, इस ऐतिहासिक मंदिर का निर्माण वर्ष 1876 में शुरू हुआ था। वर्ष 1903 में तत्कालीन डिप्टी कलेक्टर राय बलदेव बख्श राय ने मंदिर की स्थापना कराई थी। करीब 150 साल पुरानी इस धार्मिक विरासत की देखरेख अब परिवार की चौथी पीढ़ी कर रही है। पहले दीपावली पर मंदिर के कपाट लगातार तीन दिनों तक खोले जाते थे, लेकिन अब परंपरा के अनुसार केवल भाई दूज के दिन ही श्रद्धालुओं को भगवान चित्रगुप्त के दर्शन का अवसर मिलता है।

