चौबेपुर में ट्रेन की चपेट में आने से 30 वर्षीय युवक की मौत

वाराणसी के चौबेपुर क्षेत्र में ट्रेन की चपेट में आने से 30 वर्षीय चंदन कुमार की मौत हो गई। बहादुरपुर गांव निवासी चंदन रामकरन के पुत्र थे और राजमिस्त्री का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। बताया गया कि पथरी की बीमारी से परेशान चंदन रविवार दोपहर करीब तीन बजे दवा लेने के लिए घर से निकले थे। शाम लगभग पांच बजे कादीपुर रेलवे स्टेशन से करीब 500 मीटर दूर डाउन दुर्ग एक्सप्रेस (15160) की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों में मातम छा गया।

चंदन की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी सुशीला और दो छोटे बेटों को छोड़ गए हैं। बड़ा बेटा सूरज चार वर्ष का है, जबकि छोटा नागेश अभी दो वर्ष का है। पति की मौत की खबर के बाद सुशीला का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की सूचना पर वाराणसी सिटी जीआरपी और आरपीएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद बहादुरपुर गांव में शोक का माहौल है।




Post a Comment

Previous Post Next Post