विश्व मधुमेह दिवस पर बाबतपुर एयरपोर्ट पर लगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, एयरपोर्ट कर्मियों और यात्रियों की हुई जांच

विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.पी. सिंह के निर्देशन में लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर में विशेष निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। डॉ. शिवशक्ति प्रसाद द्विवेदी (राजकीय चिकित्सा अधिकारी एवं हृदय पुनर्जीवन विशेषज्ञ) के नेतृत्व में आयोजित शिविर में एयरपोर्ट अधिकारियों, कर्मचारियों, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों, ग्राउंड स्टाफ एवं इच्छुक यात्रियों की स्वास्थ्य जांच की गई।शिविर में लोगों की रक्त शर्करा, रक्तचाप, वजन एवं शारीरिक द्रव्यमान सूचकांक की निःशुल्क जांच की गई। साथ ही मधुमेह के लक्षण, जोखिम, बचाव और संतुलित खानपान के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी गई।

इस दौरान डॉ. शिवशक्ति प्रसाद द्विवेदी ने कहा कि मधुमेह गंभीर बीमारी है, लेकिन समय पर जांच और उचित जीवनशैली अपनाकर इसे नियंत्रित किया जा सकता है। शुरुआती अवस्था में इसके स्पष्ट लक्षण नहीं दिखाई देते, इसलिए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण जरूरी है। उन्होंने लोगों को चीनी और मीठे पेय पदार्थों का सेवन सीमित करने, जूस के बजाय साबुत फल खाने तथा प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट व्यायाम या पैदल चलने की सलाह दी।शिविर में डॉ. द्विवेदी के साथ डॉ. प्रियंका, फार्मासिस्ट विजय कुमार, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी सुरभि पांडेय एवं सहायक समीर यादव ने स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। इस अवसर पर एयरपोर्ट निदेशक, सीआईएसएफ के एसीई वी.पी. सिंह, टर्मिनल प्रबंधक अजय कुमार वर्मा, वायु यातायात नियंत्रण (एटीसी) के अधिकारी एवं एयरपोर्ट के कर्मचारी मौजूद रहे।मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देशन में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य कार्यस्थल पर निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के साथ ही एयरपोर्ट कर्मियों एवं आमजन को मधुमेह के प्रति जागरूक करना रहा।


Post a Comment

Previous Post Next Post