लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के हुकुलगंज निवासी अर्चना सिंह ने शुक्रवार को पत्रकारवार्ता कर अपने पति और ससुरालियों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि पति दूसरी शादी करने के बाद अब उन्हें घर से निकालकर दूसरी पत्नी को वहां रखना चाहता है। पीड़िता की दो बेटियां हैं, जिनकी उम्र 18 और 13 वर्ष है।अर्चना सिंह के अनुसार, उन्हें लगातार घर छोड़ने का दबाव बनाया जा रहा है। आरोप है कि तीन दिन पूर्व पति ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ने का प्रयास किया और अपने कुछ दोस्तों को बुलाकर उनके साथ मारपीट व गाली-गलौज की। इस दौरान पीड़िता ने घटना से संबंधित वीडियो भी पत्रकारों को दिखाया। उन्होंने बताया कि न्यायालय के आदेश के बाद वह अपने घर में रह रही हैं, इसके बावजूद उन्हें परेशान किया जा रहा है।
पीड़िता का आरोप है कि स्थानीय थाने में शिकायत करने के बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हो रही है और उन्हें समझौता करने की सलाह दी जाती है। उन्होंने पार्षद पर भी आरोप लगाया कि उनके लेटरपैड के माध्यम से पति की दूसरी पत्नी का हुकुलगंज निवासी होने का प्रमाण देकर आधार कार्ड बनवाया गया। हालांकि, पार्षद ने इस संबंध में अपना लेटरपैड होने से इनकार किया है।अर्चना सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच कराने तथा न्याय दिलाने की मांग की है।

